दीपावली को लेकर पटना प्रशासन मुस्तैद, सुरक्षा व्यवस्था पर DM और SSP ने दिए सख्त निर्देश

Rashmi Tiwari

पटना: दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पटना जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एक ओर शहर रोशनी और उत्सव के रंग में सराबोर है, तो दूसरी ओर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में पटाखों की अवैध बिक्री और असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।

अग्निशमन विभाग अलर्ट, दमकल गाड़ियों की तैनाती

दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। सभी अनुमंडलों के फायर स्टेशनों में दमकल गाड़ियों को पानी और जरूरी संसाधनों के साथ तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं, संवेदनशील स्थानों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की तैनाती भी की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

प्रमुख अस्पतालों में डॉक्टर और एंबुलेंस रहेंगे तैयार

प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष तैयारी की है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पीएमसीएच, एनएमसीएच, आईजीआईएमएस, एम्स और पटना सिटी स्थित गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल समेत जिले के प्रमुख अस्पतालों में डॉक्टरों और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

आज मनाई जाएगी दीपावली, मां लक्ष्मी और गणेश की होगी पूजा

इधर, कार्तिक मास की अमावस्या पर आज रविवार को देशभर में दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर लोग अपने घरों, दुकानों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करेंगे। धार्मिक मान्यता है कि दीपावली की रात मां लक्ष्मी की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि और धन-वैभव का आगमन होता है।अमावस्या तिथि आज सुबह 10:50 बजे से शुरू होकर सोमवार, 9 नवंबर को सुबह 11:20 बजे तक रहेगी। दीपावली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश के साथ धन के देवता कुबेर तथा मां सरस्वती की भी पूजा की जाएगी। इसके अलावा पंचदेव, नवग्रह और मां अंबिका का पूजन भी होगा।

रंगीन रोशनी से जगमगाया पटना

दीपावली को लेकर राजधानी पटना की रौनक देखते ही बन रही है। शहर की प्रमुख इमारतों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। वहीं, लोगों ने भी अपने घरों और दुकानों को आकर्षक रोशनी से जगमगा दिया है। बाजारों में भी त्योहार को लेकर उत्साह का माहौल है।

Share This Article