NEWS PR डेस्क :झारखंड के साहिबगंज में अपराधियों का दुस्साहस सामने आया है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने 43 वर्षीय मुन्ना साह की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उनके सिर में गोली मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि हत्या के इस मामले में नामजद दोनों आरोपी पवन साह और रूपक पासवान ने वारदात के बाद सुबह थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पूरा मामला झारखंड के साहिबगंज का है। मृतक की पहचान पूर्वी फाटक स्थित शिव मंदिर गली निवासी स्वर्गीय शीतल साह के पुत्र मुन्ना साह के रूप में हुई है। घटना रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुन्ना साह बड़ी काली मंदिर के आगे अपने कुछ साथियों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पवन साह और रूपक पासवान वहां पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान पवन साह ने मुन्ना साह के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल मुन्ना साह को सदर अस्पताल साहिबगंज पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि पवन साह पहले भी मुन्ना साह से रंगदारी मांगता था और उनके साथ गाली-गलौज कर उन्हें परेशान करता था। परिजनों ने इसी विवाद को हत्या की वजह बताया है।
दोनों नामजद आरोपियों ने किया सरेंडर
घटना के बाद नामजद आरोपी पवन साह और रूपक पासवान ने सुबह थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।
भागलपूर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट ;-