छठ पर बिहार पर्यटन का खास तोहफा, हेलीकॉप्टर से कर सकेंगे गंगा घाटों का दीदार

Rashmi Tiwari

पटना में छठ महापर्व की रौनक इस बार कुछ अलग ही अंदाज में देखने को मिलेगी। गंगा के घाटों पर उमड़ती श्रद्धालुओं की भीड़, दीपों से जगमगाते तट और छठ गीतों से गूंजता माहौल अब सिर्फ जमीन से ही नहीं, बल्कि आसमान से भी देखने का मौका मिलेगा। बिहार पर्यटन विभाग ने छठ के अवसर पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष हेलीकॉप्टर राइड की शुरुआत की है।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ड्रीम प्रोजेक्ट हेलीकॉप्टर जॉय राइड का विस्तार करते हुए पर्यटन विभाग ने यह विशेष सुविधा शुरू की है। इसके तहत महज 2100 रुपये खर्च कर लोग हेलीकॉप्टर से पटना और गंगा के घाटों की खूबसूरती का हवाई दीदार कर सकेंगे।

पर्यटन विभाग के मुताबिक, यह विशेष हेलीकॉप्टर राइड 10 से 16 नवंबर तक संचालित की जाएगी। इस दौरान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक उड़ान होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए हर दिन छह स्लॉट निर्धारित किए गए हैं।वहीं, 19 नवंबर से हेलीकॉप्टर जॉय राइड की नियमित सेवा का भी विस्तार किया जाएगा। अब शनिवार और रविवार के अलावा प्रत्येक गुरुवार और शुक्रवार को भी लोग इस रोमांचक हवाई सफर का आनंद उठा सकेंगे।छठ महापर्व के दौरान पटना के गंगा घाटों पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। लाखों श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और भक्तिमय माहौल के बीच पूरा शहर छठ के रंग में रंग जाता है।

हेलीकॉप्टर राइड के जरिए पर्यटक गंगा नदी के विस्तृत स्वरूप, पटना शहर और रोशनी से सजे घाटों को आसमान से निहार सकेंगे। पर्यटन विभाग की इस पहल से छठ की खूबसूरती को देखने का एक नया और रोमांचक अनुभव मिलने की उम्मीद है।इस हवाई सफर का आनंद लेने के इच्छुक लोग बिहार पर्यटन के आधिकारिक पोर्टल booking.tourism.bihar.gov.in पर ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। प्रति व्यक्ति किराया 2100 रुपये निर्धारित किया गया है।पर्यटन विभाग की इस पहल का मकसद छठ महापर्व के दौरान पर्यटकों को एक नया अनुभव देना और बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देना है।

Share This Article