पटना में लोक आस्था के महापर्व छठ के उत्साह के बीच चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। संपतचक के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित चक बैरिया गांव में सोमवार की सुबह चोरों ने एक बंद दो मंजिला मकान को निशाना बनाया। घर के सभी सदस्य उगते सूर्य को अर्घ्य देने घाट पर गए थे। इसी दौरान चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और करीब दो करोड़ रुपये के सोने के जेवरात के साथ 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय शिवनाथ सिंह के पुत्र अरुण सिंह और धर्मेंद्र सिंह का गांव में दो मंजिला मकान है। अरुण निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि धर्मेंद्र गया स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। सोमवार की सुबह परिवार के सभी सदस्य बैरिया सूर्य मंदिर घाट पर छठ का अंतिम अर्घ्य देने गए थे। घर के चारों कमरों में ताला लगा हुआ था।इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारियों, दीवान, पलंग, पेटियों व बक्सों के ताले तोड़कर तलाशी ली। चोरों ने केवल सोने के जेवरात और नकदी चुराई, जबकि चांदी के गहनों और बर्तनों को हाथ तक नहीं लगाया।
अर्घ्य देकर घर लौटे परिवार के सदस्यों ने जब टूटा ताला और बिखरा सामान देखा तो उनके होश उड़ गए। चोरी गए गहनों में दोनों भाइयों की पत्नियों, बहुओं और माता के जेवरात शामिल हैं। घटना से पूरा परिवार सदमे में है।सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिससूचना मिलने पर गोपालपुर थाना पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अमित कुमार के अनुसार, वारदात सुबह करीब पांच बजे हुई। मकान में सीसीटीवी नहीं है, लेकिन आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को आशंका है कि घर और सामान की जानकारी रखने वाले लोग भी वारदात में शामिल हो सकते हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
