नीतीश कुमार को RJD का बड़ा ऑफर, निशांत कुमार बनेंगे बिहार के CM? अभय कुशवाहा का बयान

Rashmi Tiwari

बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े उलटफेर की चर्चा तेज हो गई है। आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को महागठबंधन में लौटने का खुला न्योता दिया है। इतना ही नहीं, उन्होंने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की पेशकश कर सियासी हलचल बढ़ा दी है।

गयाजी स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए अभय कुशवाहा ने कहा कि अगर नीतीश कुमार दोबारा आरजेडी के साथ आना चाहते हैं, तो उनका तहेदिल से स्वागत है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव मिलकर निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने के लिए भी तैयार हैं।
RJD सांसद ने रोहिणी आचार्य के नीतीश कुमार को ‘चाचा’ कहने वाले बयान का समर्थन करते हुए कहा कि नीतीश कुमार उनके भी चाचा और अभिभावक समान हैं। ऐसे में उन्हें चाचा कहने में कोई गलत बात नहीं है।
चिराग पासवान पर भी साधा निशाना
अभय कुशवाहा ने चिराग पासवान और बीजेपी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू यादव ने हमेशा लोगों को आगे बढ़ाया है। वर्ष 2009-10 का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि रामविलास पासवान को राज्यसभा भेजने में लालू यादव की अहम भूमिका थी। उन्होंने चिराग को राजनीतिक इतिहास समझने की नसीहत दी।

2029 में राहुल गांधी बनेंगे PM!
विधानसभा में कम सीटों को लेकर उठ रहे सवालों पर अभय कुशवाहा ने कहा कि सीटें भले कम हों, लेकिन आरजेडी का वोट शेयर सबसे ज्यादा रहा है। वहीं, उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे और 2029 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे।
फिलहाल निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने के इस ऑफर ने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। अब देखना होगा कि नीतीश कुमार और जेडीयू की ओर से इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया आती है।

Share This Article