2009 के आचार संहिता उल्लंघन मामले में कोर्ट पहुंचे झारखंड के मंत्री संजय यादव, बोले- मेरे खिलाफ नहीं जारी हुआ कोई नया वारंट

Shreya Raj
भागलपुर एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंचे झारखंड के उद्योग मंत्री संजय यादव, मामले को लेकर मीडिया से बातचीत करते हुए।

भागलपुर: झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री और गोड्डा विधायक संजय यादव वर्ष 2009 में दर्ज आचार संहिता उल्लंघन के पुराने मामले में भागलपुर स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंचे। अदालत में अपनी भौतिक उपस्थिति दर्ज कराने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की और मामले को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की। संजय यादव ने कहा- “मेरे खिलाफ कोई नया वारंट जारी नहीं हुआ है।” 2009 में ढाका मोड़ स्थित आवासीय परिसर में चैती दुर्गा पूजा के आयोजन से जुड़ा है मामला।लगातार अनुपस्थित रहने वाले गवाहों के खिलाफ अदालत ने वारंट जारी किया है।

अदालत में पेशी के बाद संजय यादव ने कहा कि उनके खिलाफ न्यायालय की ओर से कोई नया वारंट जारी नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुनवाई के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने वाले गवाहों के खिलाफ अदालत ने वारंट जारी किया है। मंत्री ने कहा कि इस मामले को लेकर किसी तरह की गलतफहमी नहीं होनी चाहिए।

2009 के चैती दुर्गा पूजा आयोजन से जुड़ा है मामला

संजय यादव के अनुसार, वर्ष 2009 में उनके ढाका मोड़ स्थित आवासीय परिसर में पारंपरिक चैती दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया था। इसी दौरान चुनाव की घोषणा होने के कारण आचार संहिता लागू थी। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी थी। इसी भीड़ को आधार बनाकर उनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था। मंत्री का कहना है कि यह आयोजन किसी राजनीतिक या चुनावी गतिविधि का हिस्सा नहीं था, बल्कि उनके परिवार में वर्षों से चली आ रही पारंपरिक और धार्मिक पूजा थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके राजनीतिक विरोधियों ने उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से धार्मिक आयोजन को चुनावी गतिविधि से जोड़ दिया।

मामले को राजनीतिक साजिश बताया

संजय यादव ने पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया। उनका कहना है कि एक पारंपरिक धार्मिक आयोजन को राजनीतिक कार्यक्रम के रूप में पेश कर उनके खिलाफ मामला बनाया गया। उन्होंने कहा कि पूजा का आयोजन परिवार की पुरानी परंपरा के तहत किया गया था और इसका चुनावी राजनीति से कोई संबंध नहीं था।

न्यायपालिका पर जताया भरोसा, स्पीड ट्रायल में चल रही सुनवाई

मंत्री ने कहा कि मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है और वह न्यायपालिका का पूरा सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि वह कानूनी प्रक्रिया में पूरा सहयोग कर रहे हैं। संजय यादव ने यह भी बताया कि इस मामले की सुनवाई स्पीड ट्रायल के तहत चल रही है। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया कि उनके खिलाफ कोई नया वारंट जारी नहीं हुआ है। उनके मुताबिक, अदालत ने उन गवाहों के खिलाफ वारंट जारी किया है जो सुनवाई के दौरान लगातार उपस्थित नहीं हो रहे थे। फिलहाल, वर्ष 2009 से चले आ रहे इस मामले में अदालत की कार्यवाही जारी है और मंत्री संजय यादव ने न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग करने की बात कही है।

भागलपुर से रिपोर्टर : श्यामनन्द सिंह

Share This Article