मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुनेंगे जनता की समस्याएं, जिलों में जाकर करेंगे विकास कार्यों की समीक्षा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब खुद मैदान में उतरने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री 26 नवंबर से जिलावार समीक्षा कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वे राज्य के सभी जिलों का दौरा करेंगे और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री अपने दौरे की शुरुआत पश्चिम चंपारण जिले से कर सकते हैं।

दरअसल, मुख्यमंत्री के इस जिलावार समीक्षा कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। फिलहाल सभी जिलों के दौरे का विस्तृत शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। 26 नवंबर से शुरू होने वाले इस अभियान के दौरान मुख्यमंत्री अलग-अलग जिलों में पहुंचकर संबंधित अधिकारियों से विकास योजनाओं की जानकारी लेंगे।
इस दौरान सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हो सकती है। मुख्यमंत्री यह भी जानेंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक किस तरह पहुंच रहा है और उनके क्रियान्वयन में कहां-कहां परेशानी आ रही है।

मुख्यमंत्री के दौरे की खास बात यह होगी कि वे केवल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि स्थानीय लोगों से भी सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान जनता की समस्याओं और जिले की विकास संबंधी जरूरतों को समझने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, जिलों के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी कर सकते हैं। इसके लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को प्रस्तावित योजनाओं की सूची तैयार करने का निर्देश दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम में संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और एनडीए के नेता भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल सभी जिलों का कार्यक्रम अंतिम रूप दिया जा रहा है। पश्चिम चंपारण से शुरुआत के बाद मुख्यमंत्री किस तारीख को किस जिले में पहुंचेंगे, इसकी जानकारी जल्द सामने आने की उम्मीद है

Share This Article