बिहार ने दिल्ली को दी करारी शिकस्त, 225 रन का लक्ष्य हासिल कर रचा इतिहास

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप मुकाबले में बिहार पुरुष क्रिकेट टीम ने बुधवार को बड़ा उलटफेर करते हुए IPL खिलाड़ियों से सजी दिल्ली की टीम को 2 विकेट से पराजित कर दिया। इंदौर के द डेली कॉलेज मैदान में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 224 रन बनाए। जवाब में बिहार ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 19.5 ओवर में 8 विकेट खोकर 227 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

दिल्ली की बल्लेबाजी में यश धुल्ल 59 गेंद में 16 चौका 7 छक्का लगाकर 125 रन की पारी खेली। सार्थक रंजन ने 18 रन और तेजस्वी दाहिया ने 25 गेंद में 4 चौका 4 छक्का लगाकर 51 रन बनाया।

बिहार की गेन्दबाजी राघवेंद्र प्रताप ने 4 ओवर में 44 रन देकर 3 विकेट चटकाया। सूरज कश्यप और प्रशांत सिंह को 1-1 विकेट मिला।

225 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। सलामी बल्लेबाज आयुष लोहारुका और बिपिन सौरभ ने दिल्ली के गेंदबाजों के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले के 6 ओवर में ही टीम का स्कोर महज 1 विकेट के नुकसान पर 96 रन तक पहुंचा दिया। आयुष ने महज 22 गेंदों में 7 चौका 3 छक्का लगाकर 50 रन बनाए, जबकि बिपिन सौरभ ने केवल 19 गेंदों पर 3 चौका 5 छक्का लगाकर 49 रनों की विस्फोटक पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी ने मुकाबले का रुख बिहार की ओर मोड़ दिया। राघवेंद्र ने 25 रन पृथ्वीराज ने 12 रन और तरुण ने 15 रन बनाया।

दिल्ली की गेन्दबाजी में दीगवेश सिंह राठी को 4 ओवर में 47 रन देकर 3 विकेट तथा समरजीत रजनीश सुयश और केशव को 1-1 विकेट मिला।

इस मुकाबले में बिहार के ऑलराउंडर राघवेंद्र प्रताप सिंह को उनके प्रभावी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए महज 15 गेंदों पर 1 चौका 2 छक्का लगाकर 25 रन बनाए। वहीं गेंदबाजी में भी अपनी उपयोगिता साबित करते हुए 4 ओवर में 44 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।

दोनों की उपयोगी पारियों और टीम के सामूहिक प्रयास की बदौलत बिहार ने अंतिम ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। IPL में खेलने वाले कई अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली दिल्ली टीम के खिलाफ यह जीत बिहार क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्ष वर्धन, सचिव जियाउल अरफीन, जिला क्रिकेट संघों के सम्मानित पदाधिकारियों, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन परिवार और तमाम खेल प्रेमियों ने इस महत्वपूर्ण जीत पर बिहार टीम के सभी खिलाड़ियों एवं सपोर्ट स्टाफ को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही, टीम से आगामी मुकाबलों में भी इसी उत्साह, एकजुटता और प्रभावी प्रदर्शन को जारी रखने की उम्मीद जताई है।

एसोसिएशन को उम्मीद है कि टीम आगामी मुकाबलों में भी इसी आत्मविश्वास, आक्रामकता और सामूहिक भावना के साथ प्रदर्शन जारी रखेगी।

Share This Article