NEWS PR डेस्क : बिहार में खेती-किसानी को लेकर सरकार अब प्राकृतिक खेती को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अगले छठ महापर्व पर प्राकृतिक तरीके से उत्पादित फल और फूल बाजार समिति के माध्यम से लोगों को उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए किसानों को प्राकृतिक विधि से फल-फूल की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
अक्षय नवमी के अवसर पर पटना के मीठापुर स्थित कृषि भवन परिसर में प्राकृतिक खेती को लेकर विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा शामिल हुए। इस दौरान प्राकृतिक खेती के महत्व और इसके प्रचार-प्रसार में मीडिया की भूमिका पर चर्चा की गई। साथ ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में सराहनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।
प्राकृतिक खेती बनेगा जन आंदोलन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती सिर्फ खेती करने का तरीका नहीं, बल्कि धरती, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने का संकल्प है। रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर निर्भरता कम करके मिट्टी की उर्वरता बचाना और सुरक्षित खाद्य उत्पादन को बढ़ावा देना आज की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन प्राकृतिक खेती को जन आंदोलन बनाना है। इससे किसानों की खेती की लागत कम होगी और उनकी आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
वहीं, अगले छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए किसानों को प्राकृतिक तरीके से फल और फूल उत्पादन के लिए प्रेरित किया जाएगा। उनके उत्पादों को बाजार समिति के जरिए बाजार तक पहुंचाया जाएगा, ताकि छठव्रतियों को गुणवत्तापूर्ण पूजन सामग्री मिल सके और किसानों को बेहतर बाजार एवं उचित मूल्य प्राप्त हो।
कृषि मंत्री ने प्राकृतिक खेती के प्रचार-प्रसार में मीडिया की भूमिका को भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि किसानों के सफल प्रयोगों और अनुभवों को लोगों तक पहुंचाकर इसे व्यापक जन आंदोलन बनाया जा सकता है।
अब देखना होगा कि सरकार की यह पहल बिहार के किसानों और उपभोक्ताओं के लिए कितनी कारगर साबित होती है।
