Anant Singh Daughter Wedding: 3 करोड़ की कार, VIP मेहमान और शुद्ध शाकाहारी खाना

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार की राजनीति में बाहुबली नेता के तौर पर चर्चित मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान या चुनावी हलचल नहीं, बल्कि उनकी बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी है। शादी की रस्में आज यानी 20 नवंबर से शुरू हो रही हैं। पहले दिन पटना में भव्य तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को तिलक चढ़ाएंगे। इस खास मौके पर करीब 3 करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार गिफ्ट करने की भी चर्चा है।
कार्यक्रम के मुताबिक, अनंत सिंह दोपहर 2 बजे अपने पैतृक गांव लदमा से पटना के लिए रवाना होंगे। शाम 4 बजे तक उनके दानापुर के सगुना मोड़ स्थित ऑरिगेनो रिसॉर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है। यहीं तिलक की रस्म पूरी होगी। इस समारोह में राजनीतिक और सामाजिक जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार से हो रही है। ऋषिकेश मूल रूप से पटना के बिहटा स्थित घोड़ाटॉप गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से MBA किया है और फिलहाल अटलांटा में एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी कर रहे हैं। ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह CRPF में कमांडेंट रह चुके हैं। वह NDRF और NSG में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वहीं, उनकी मां आशा देवी ने शिवांगी को बहू नहीं, बल्कि बेटी बनाकर रखने की बात कही है।
शिवांगी की शादी में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। अनंत सिंह ने प्रधानमंत्री, बिहार के मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं और राजनीतिक हस्तियों को निमंत्रण भेजा है। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को भी उन्होंने व्यक्तिगत रूप से शादी का कार्ड दिया था।

वहीं बेटी शिवांगी की शादी में खाने को लेकर अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि समारोह में मांस-मछली नहीं बनेगा। उन्होंने बताया कि उनके गांव में शादी के दौरान मांस-मछली नहीं खाने की पुरानी परंपरा है। अनंत सिंह ने कहा, “हम खाते हैं, लेकिन शादी में नहीं बनेगा।” उन्होंने बताया कि शादी के मौके पर एक महीने तक मांस-मछली पर पाबंदी रहेगी। यानी मेहमानों को पूरी तरह शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा।

Share This Article