सोनपुर मेले में लगेगा मनोरंजन का तड़का, मौत का कुआं और रोमांचक झूले खींचेंगे भीड़

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं का प्रतीक विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला एक बार फिर अपनी भव्यता के साथ सजने जा रहा है। मेले के उद्घाटन को लेकर तैयारियां अब अंतिम दौर में हैं। 22 नवंबर की शाम 5 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ऐतिहासिक मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह को खास बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर अतिथियों के स्वागत और यातायात प्रबंधन तक व्यापक तैयारियां की हैं।

उद्घाटन समारोह में जुटेंगे कई दिग्गज
मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री, विभिन्न विभागों के मंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के कई वरीय अधिकारी समारोह में शामिल होंगे। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक की ओर से संयुक्त आदेश जारी कर अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
विशिष्ट अतिथियों के ठहरने और स्वागत की व्यवस्था सोनपुर स्थित जिला परिषद डाकबंगला में की गई है। अतिथियों की अगवानी पारंपरिक अंदाज में अश्वारोही दस्ते द्वारा की जाएगी। इसके बाद पायलट वाहन और सुरक्षा घेरे के बीच उन्हें मुख्य समारोह स्थल तक पहुंचाया जाएगा। जनसंपर्क विभाग के मुख्य पंडाल में उद्घाटन समारोह आयोजित होगा।
मौत का कुआं और झूले बढ़ाएंगे मेले की रौनक
सोनपुर मेला सिर्फ धार्मिक आस्था और व्यापार का केंद्र ही नहीं, बल्कि मनोरंजन के लिहाज से भी खास पहचान रखता है। इस बार भी मेले में मौत का कुआं, रोमांचक खेल-तमाशे, रंग-बिरंगे झूले और मनोरंजन के कई साधन दर्शकों को आकर्षित करेंगे।
मौत के कुएं में मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों के हैरतअंगेज करतब लोगों के रोमांच को बढ़ाएंगे। बच्चों के लिए खास झूले और खेल होंगे, जबकि युवा और बड़े भी मनोरंजन के विभिन्न आयोजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। खान-पान के शौकीनों के लिए भी मेले में तरह-तरह के व्यंजनों की दुकानें सजेंगी। धार्मिक आयोजन, लोक संस्कृति, पारंपरिक व्यापार और मनोरंजन का यह संगम अगले एक महीने तक सोनपुर को उत्सव के रंग में रंगेगा।

Share This Article