NEWS PR डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनकी मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर को भी बुलाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार और जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने की है।
मां के निधन की खबर मिलने के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक कार्यक्रम में मौजूद थे। यहां करीब 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाने का कार्यक्रम आयोजित था। इसी दौरान उन्हें मां के निधन की सूचना मिली। हालांकि, खबर मिलने के बावजूद उन्होंने तत्काल अपना कार्यक्रम जारी रखा। सावित्री देवी के निधन की खबर से पंचूर गांव में शोक की लहर है। परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों के बीच दुख का माहौल है। खबर मिलते ही गांव में लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सात भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर हैं। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर थे, जिनका निधन 20 अप्रैल 2020 को हो गया था। कोरोना महामारी के दौरान लागू प्रतिबंधों के चलते योगी अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे।
मुख्यमंत्री राजनीतिक और प्रशासनिक व्यस्तताओं के बावजूद समय-समय पर अपनी मां से मिलने पंचूर जाते रहे थे। जानकारी के मुताबिक, 8 मई 2026 को उन्होंने मां से आखिरी मुलाकात की थी। वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी कर दिवंगत आत्मा की शांति और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पूरे परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
