बिहार में अब नहीं रही पहले जैसी स्थिति,पलायन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का बयान

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:भागलपुर: छठ महापर्व की खुशियां खत्म होते ही बिहार से दूसरे राज्यों की ओर लौटने वाले प्रवासी मजदूरों और कामगारों की भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने लगी है। भागलपुर रेलवे स्टेशन पर भी दिल्ली समेत दूसरे महानगरों की ओर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। कोई परिवार के साथ तो कोई अकेले रोजी-रोटी की तलाश में एक बार फिर अपना घर छोड़ने को मजबूर है।

इसी बीच भागलपुर से दिल्ली जा रही महिला यात्री मालती देवी ने बिहार में रोजगार की समस्या को लेकर अपना दर्द बयां किया। उन्होंने बताया कि बिहार में मजदूरी और रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण उन्हें परिवार से दूर दूसरे राज्य में काम करने जाना पड़ता है। अपनी मजबूरी और परिवार से बिछड़ने का दर्द बताते-बताते मालती देवी भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उनका यह दर्द रोजगार की तलाश में घर छोड़ने वाले हजारों परिवारों की परेशानी को सामने लाता है।

वहीं, इस मुद्दे पर भागलपुर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने पलायन को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पहले और आज के पलायन में काफी अंतर है। दूसरे राज्यों में नौकरी करने जाने वाले लोगों को पलायन नहीं कहा जा सकता। उनके मुताबिक, मजदूरी के लिए मजबूरी में बाहर जाने की स्थिति को पलायन कहा जाता है।

अश्विनी चौबे ने दावा किया कि पिछले 20 वर्षों की तुलना में बिहार से पलायन में कमी आई है। उन्होंने कहा कि पहले जंगलराज के दौरान दूसरे राज्यों के उद्योगपति बिहार में निवेश करने से कतराते थे, लेकिन अब राज्य में उद्योगों का विस्तार हो रहा है और निवेशक यहां आ रहे हैं।उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में बिहार में औद्योगिक विकास को और गति मिलेगी। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और लोगों को रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों का रुख करने की मजबूरी कम होगी।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article