नीतीश सेतु पर तेजस्वी के सवालों का नीरज कुमार ने दिया जवाब, लालू-राबड़ी सरकार पर साधा निशाना

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार में नीतीश सेतु के उद्घाटन और नामकरण को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ओर से उठाए गए सवालों पर जेडीयू नेता नीरज कुमार ने पलटवार किया है। उन्होंने लालू-राबड़ी शासनकाल पर निशाना साधते हुए पूछा कि 1995 से 2010 तक राघोपुर के लिए पुल क्यों नहीं बनाया गया? नीरज कुमार ने कहा कि उस दौर में राघोपुर के लोगों को आवागमन के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता था। आखिर इसके लिए जिम्मेदार कौन था? उन्होंने तेजस्वी यादव से इस सवाल का जवाब मांगा।

जीवित व्यक्ति के नाम पर नामकरण पर भी दिया जवाब
नीतीश सेतु का नाम जीवित व्यक्ति के नाम पर रखे जाने के आरोप पर नीरज कुमार ने राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री रहते उनके ननिहाल सेलार कलां में राबड़ी देवी उच्च विद्यालय बनवाने का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब मुख्यमंत्री पद से हट चुके हैं। नीरज ने लालू प्रसाद यादव के उस पुराने बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने संसद में जीवित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर संस्थान बनाने की मांग की थी।
पुल निर्माण की पहल और फंडिंग पर भी बोले
नीरज कुमार ने कहा कि पुल निर्माण की पहल सतीश कुमार के विधायक बनने के बाद हुई थी। उन्होंने गैर-सरकारी संकल्प लाया था, जबकि नंदकिशोर यादव ने भी पुल की आवश्यकता बताई थी।
फंडिंग को लेकर तेजस्वी के आरोपों को खारिज करते हुए नीरज कुमार ने कहा कि कागजी दस्तावेजों के मुताबिक जेपी सेतु के अप्रोच रोड, चिरैयाटांड़-मीठापुर ओवरब्रिज और कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) से 3,000 करोड़ रुपये का ऋण मिला था। उन्होंने दावा किया कि यह केंद्र की मंजूरी से ही संभव हुआ था। नीतीश सेतु को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप से बिहार की राजनीति गरमा गई है।

Share This Article