PM मोदी पटना पहुंचे, नीतीश कुमार ने किया स्वागत;हेलिकॉप्टर से वैशाली रवाना

Rashmi Tiwari

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को एयरफोर्स के विशेष विमान से पटना एयरपोर्ट पहुंचे। यहां बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत राज्य सरकार के कई मंत्रियों और नेताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री हेलिकॉप्टर से वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत बिहार सरकार के कई मंत्री सड़क मार्ग से वैशाली पहुंचे।

खराब मौसम से उद्घाटन कार्यक्रम पर संशय
प्रधानमंत्री के वैशाली दौरे के बीच खराब मौसम ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मौसम की स्थिति को देखते हुए चर्चा है कि नीतीश सेतु का प्रस्तावित लोकार्पण वर्चुअल माध्यम से किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कई बड़े नेता पहुंचे पटना एयरपोर्ट
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी प्रधानमंत्री के स्वागत और वैशाली कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पटना एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद तीनों नेता हेलिकॉप्टर से वैशाली के लिए रवाना हुए।

निशांत कुमार बोले- पिता का ड्रीम प्रोजेक्ट है नीतीश सेतु
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने नीतीश सेतु नाम रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने 20 वर्षों तक बिहार के लिए काम किया है और यह नाम उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।निशांत कुमार ने कहा कि नीतीश सेतु उनके पिता का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। इसके बनने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। खासकर वैशाली और राघोपुर के लोगों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।

Share This Article