विद्यापति की पुण्यतिथि पर राज्यपाल-CM सम्राट चौधरी के साथ संजय सरावगी ने किया माल्यार्पण, मैथिली साहित्य को बताया अमूल्य धरोहर !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क : – बिहार की सांस्कृतिक विरासत और मैथिली साहित्य के महान कवि महाकवि विद्यापति को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धापूर्वक याद किया गया। पटना में आयोजित राजकीय समारोह में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी शामिल हुए। इस मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उन्होंने महाकवि विद्यापति की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में महाकवि की साहित्यिक विरासत, मैथिली भाषा के योगदान और मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को याद किया गया।

महाकवि विद्यापति की रचनाएं मैथिली साहित्य की अमूल्य धरोहर

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि महाकवि विद्यापति की कालजयी रचनाएं मैथिली भाषा, साहित्य, संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी लेखनी में प्रेम, भक्ति, मानवीय संवेदनाओं, लोकजीवन और सामाजिक चेतना का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। विद्यापति ने अपनी रचनाओं के माध्यम से मैथिली भाषा को साहित्यिक पहचान और प्रतिष्ठा दिलाई, जो भारतीय साहित्य के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा।

साहित्य में जीवंत है मिथिला की संस्कृति

संजय सरावगी ने कहा कि महाकवि विद्यापति केवल मैथिली के महान कवि नहीं, बल्कि भारतीय साहित्यिक चेतना के ऐसे हस्ताक्षर हैं, जिनकी रचनाएं सदियों बाद भी प्रासंगिक हैं। उनके साहित्य में मिथिला की मिट्टी की सुगंध, सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराएं और जनमानस की भावनाएं जीवंत रूप में दिखाई देती हैं। उनकी रचनाएं आज भी समाज को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ती हैं।

नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है साहित्यिक विरासत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महाकवि विद्यापति की रचनाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक हैं। उनकी साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यापति का साहित्य आने वाली पीढ़ियों को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि विद्यापति की विरासत मिथिला की सांस्कृतिक अस्मिता का आधार है। इस विरासत को सहेजना और आगे बढ़ाना समाज के हर वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है।

महाकवि विद्यापति की पुण्यतिथि पर आयोजित राजकीय समारोह ने एक बार फिर मैथिली साहित्य, मिथिला की सांस्कृतिक पहचान और बिहार की गौरवशाली साहित्यिक परंपरा को याद करने का अवसर दिया।

Share This Article