NEWS PR डेस्क : – बिहार की महिलाओं और सिंदूर को लेकर स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की कथित अभद्र टिप्पणी पर विवाद गहराता जा रहा है। देशभर में महिलाओं के बीच आक्रोश के बाद अब बिहार की राजनीति में भी इस मामले को लेकर विरोध तेज हो गया है। बीजेपी प्रदेश महामंत्री और मीडिया पैनलिस्ट प्रीति शेखर ने कॉमेडियन पर तीखा हमला बोलते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दिल्ली-एनसीआर में आयोजित एक कॉमेडी शो के दौरान यश माहेश्वरी ने बिहार की महिलाओं और सिंदूर को लेकर कथित तौर पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। आरोप है कि उन्होंने सिंदूर की तुलना पुरुषों के निजी अंग से की, जिसके बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस बयान को लेकर नाराजगी सामने आ रही है।
भागलपुर में बीजेपी की प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर ने इस टिप्पणी पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाओं और सिंदूर का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने बिहार की प्रचलित कहावत का जिक्र किया और कहा कि यश माहेश्वरी को बिहार की महिलाएं लतिया देंगी, तब समझ आएगा।
प्रीति शेखर ने कहा कि बिहार का सबसे बड़ा पर्व छठ महापर्व है, जिसमें महिलाएं आस्था और परंपरा के साथ सिंदूर लगाती हैं। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीक को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना बेहद ओछी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने बिहार सरकार से भी मामले में कार्रवाई की मांग की और कहा कि कॉमेडियन को इस मामले में माफी नहीं मिलनी चाहिए।
यश माहेश्वरी की कथित टिप्पणी को लेकर विवाद अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। बिहार की महिलाओं के सम्मान और सिंदूर की गरिमा से जुड़े इस मामले में कार्रवाई की मांग तेज हो रही है। अब देखना होगा कि इस विवाद पर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट ;-