पश्चिम चंपारण के बेतिया में मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। राजड्योढ़ी परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विरोधी दल अराजकता फैलाकर देश को कमजोर करना चाहते हैं, लेकिन बिहार का युवा अब जाग चुका है और ऐसी कोशिशों को सफल नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार सरकार राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए संकल्पित हैं।
विपक्ष पर झूठ फैलाने का आरोप
एसआईआर के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर झूठ फैलाने और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। इस दौरान 125 यूनिट मुफ्त बिजली और बिजली बिल में राहत का भी जिक्र किया गया।
बेतिया GMCH की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा बयान
बेतिया जीएमसीएच की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल में 11 हजार लोगों का ऑपरेशन किया जा रहा है। मरीजों को रेफर करने की व्यवस्था समाप्त करने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंकड़ों में गड़बड़ी पाए जाने पर सिविल सर्जन के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
राजड्योढ़ी में बनेगा अटल पार्क
सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने राजड्योढ़ी परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने और वहां अटल पार्क बनाने की घोषणा की। इस घोषणा के बाद परिसर को एक नई पहचान देने की दिशा में पहल की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि एनडीए सरकार पूरी निष्ठा के साथ विकास कार्य कर रही है। प्रखंड मुख्यालयों में डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं, शिक्षकों की बहाली हो रही है और गरीबों को राशन उपलब्ध कराने के लिए कैंप लगाकर राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के संबोधन में विकास योजनाओं, बिजली राहत, स्वास्थ्य सेवाओं और राजनीतिक मुद्दों पर सरकार का पक्ष सामने आया।
पश्चिम चम्पारण से मोहम्मद इम्तेयाज की रिपोर्ट ;-