NEWS PR डेस्क : – संविधान दिवस के मौके पर गया में एक ऐसी शादी हुई, जिसने समाज को दहेज प्रथा, जातिगत भेदभाव और लड़कियों की आत्मनिर्भरता पर सोचने का संदेश दिया। दक्ष आर्यन और श्रेया तिवारी ने 26 नवंबर को कोर्ट मैरिज कर एक नई मिसाल पेश की। यह शादी इंटरकास्ट है, दहेज मुक्त है और दोनों परिवारों की सहमति से हुई है।
दक्ष और श्रेया करीब सात साल से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों की दोस्ती स्कूल के दिनों में गोरखपुर से शुरू हुई थी, जहां दक्ष के पिता दिलीप कुमार की पोस्टिंग थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला लिया।
दक्ष आर्यन गया के रहने वाले हैं। वे बीबीए की पढ़ाई के साथ स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग और गैस एजेंसी का काम भी संभालते हैं। दक्ष का कहना है कि कोर्ट मैरिज एक कानूनी और मजबूत माध्यम है, जिससे शादी को सुरक्षा मिलती है। हालांकि, इच्छानुसार पारंपरिक रीति-रिवाज भी अपनाए जा सकते हैं।
दक्ष के पिता दिलीप कुमार ने बताया कि दोनों परिवारों ने बच्चों के रिश्ते और ,
उनकी परिपक्वता को समझते हुए शादी के फैसले पर सहमति दी। उन्होंने दहेज प्रथा और फिजूलखर्ची से बचने की अपील करते हुए कहा कि शादी में खर्च होने वाले पैसे का बेहतर इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
वहीं श्रेया तिवारी ने समाज और सरकार से लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाकर 23 से 24 साल करने की मांग की। उनका कहना है कि लड़कियों को पहले पढ़ाई पूरी करने, आत्मनिर्भर बनने और अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिलना चाहिए।
गया से आशीष कुमार की रिपोर्ट ;-