NEWS PR डेस्क :– संविधान दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पश्चिम चंपारण के बेतिया पहुंचे, जहां एनडीए की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए। सागर पोखरा से राज देवढ़ी परिसर तक करीब दो किलोमीटर की पदयात्रा निकालकर मुख्यमंत्री ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को सुशासन और लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्ध बताया। वहीं, पश्चिम चंपारण के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान भी किए। वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक बांध निर्माण की योजना और वाल्मीकिनगर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा इनमें प्रमुख रही।
दरअसल, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर बेतिया में एनडीए पश्चिम चंपारण की ओर से पदयात्रा सह संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सागर पोखरा से शुरू हुई पदयात्रा में शामिल हुए और करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर राज देवढ़ी परिसर पहुंचे। रास्ते में स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा और फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। राज देवढ़ी परिसर में मुख्यमंत्री ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को बाबा साहब ने देश को संविधान समर्पित किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में इस दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन की रक्षा के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली 202 सीटों की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि जनता के विश्वास के अनुरूप सरकार बिहार के विकास को नई गति देगी।
मुख्यमंत्री ने रोजगार, शिक्षा और उद्योग को लेकर भी सरकार की योजनाएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है। वैशाली में 1200 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक पार्क स्थापित करने की योजना है, जिसमें करीब 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश और एक लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। वहीं, 31 मार्च 2027 तक एक करोड़ पात्र गरीब परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
पश्चिम चंपारण के विकास पर मुख्यमंत्री ने खास जोर दिया। उन्होंने कहा कि नेपाल में भारी बारिश के कारण बिहार के सीमावर्ती इलाकों में बाढ़ की समस्या पैदा होती है। इससे राहत दिलाने के लिए वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक बांध निर्माण की योजना पर काम किया जा रहा है। वाल्मीकिनगर और रक्सौल में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में भी पहल जारी है। इसके साथ ही वाल्मीकिनगर को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां लव-कुश पार्क, होटल और अन्य सुविधाओं का विकास होगा। मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने की भी घोषणा की।