NEWS PR डेस्क :– पटना में बन रही डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी परियोजना के काम में अब तेजी लाने की तैयारी है। नवनियुक्त निदेशक संजीव कुमार ने पदभार ग्रहण करने के बाद साइंस सिटी परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। करीब 889 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए निदेशक ने कार्यान्वयन एजेंसी को कई अहम निर्देश दिए हैं।
राजधानी पटना में विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान बनाने जा रही डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी के निर्माण कार्यों को गति देने की कवायद शुरू हो गई है। 26 नवंबर को नवनियुक्त निदेशक संजीव कुमार, भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी, ने अपना पदभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने साइंस सिटी परिसर का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।
बैठक में भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि इस परियोजना की कुल लागत 889.98 करोड़ रुपये है। इसके तहत कुल पांच प्रमुख गैलरियों का निर्माण किया जाना है। इनमें ‘बी ए साइंटिस्ट’ यानी ‘Be a Scientist’ गैलरी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, ‘बेसिक साइंस’ गैलरी के कुछ प्रदर्शों का काम अभी जारी है, जिसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा ‘सस्टेनेबल प्लैनेट’, ‘स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी’ और ‘बॉडी एंड माइंड’ गैलरियों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इन गैलरियों के माध्यम से लोगों को विज्ञान, अंतरिक्ष, खगोल विज्ञान, पर्यावरण और मानव शरीर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां आधुनिक तरीके से उपलब्ध कराई जाएंगी।
परियोजना की धीमी रफ्तार को देखते हुए निदेशक संजीव कुमार ने निर्माण एजेंसी को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने एजेंसी के उच्चस्तरीय प्रबंधन के साथ जल्द बैठक करने और परियोजना की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
निदेशक ने निर्माण एजेंसी को एक समर्पित प्रोजेक्ट मैनेजर नियुक्त करने का भी निर्देश दिया, ताकि सभी कार्यों की निगरानी और समयबद्ध निष्पादन हो सके।
इसके साथ ही साइंस सिटी परिसर में स्थापित 150 किलोवाट क्षमता वाले सोलर पैनल की नेट मीटरिंग और ऑन-ग्रिड प्रक्रिया जल्द पूरी कराने तथा प्रथम तल पर बने प्रशासनिक कक्षों को शीघ्र तैयार करने का निर्देश दिया गया।