NEWS PR डेस्क:–जमुई के सिमुलतला आवासीय विद्यालय में छठी कक्षा में नामांकन का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। इस परीक्षा में कुल 1200 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं, जिनमें 600 बालक और 600 बालिकाएं शामिल हैं। सफल अभ्यर्थी अब 23 दिसंबर को आयोजित होने वाली मुख्य प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई के वर्ग 6 में नामांकन के लिए 24 अक्टूबर 2026 को प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। इसका परिणाम जारी कर दिया गया है। विद्यार्थी अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट biharsimultala.com पर देख सकते हैं।
प्रारंभिक परीक्षा में सफल 1200 अभ्यर्थियों के लिए अब मुख्य प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए एडमिट कार्ड 7 दिसंबर 2026 को जारी किया जाएगा। विद्यार्थी और उनके अभिभावक अपने यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
पटना में बनाए गए हैं दो परीक्षा केंद्र
मुख्य प्रवेश परीक्षा 23 दिसंबर को पटना जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। बालकों के लिए राजेंद्र नगर स्थित गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल और बालिकाओं के लिए कदमकुआं स्थित सर जीडीपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1:30 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी।
300 अंकों की होगी मुख्य परीक्षा
पहली पाली में गणित के 100 और बौद्धिक क्षमता के 50 अंकों को मिलाकर कुल 150 अंकों की परीक्षा होगी। वहीं, दूसरी पाली में हिंदी, अंग्रेजी और विज्ञान के 40-40 अंक तथा सामाजिक विज्ञान के 30 अंक होंगे। इस तरह दूसरी पाली की परीक्षा भी 150 अंकों की होगी। सभी प्रश्न गैर-वस्तुनिष्ठ होंगे।
परीक्षा को लेकर जरूरी निर्देश
बोर्ड के अनुसार, पहली पाली के विद्यार्थियों को सुबह 9:30 बजे और दूसरी पाली के विद्यार्थियों को दोपहर 1 बजे तक ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
