NEWS PR डेस्क:– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 140वें संस्करण में बिहार की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। पीएम मोदी ने पटना के बिहार म्यूजियम की उपलब्धि का जिक्र किया। दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में बिहार म्यूजियम को नौवां और एशिया में पहला स्थान मिलने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इसे हर बिहारवासी के लिए गर्व का विषय बताया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और संजय सरावगी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम सुना।
पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसानिया, केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे और बिहार सरकार के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, रामकृपाल यादव समेत कई विधायक, विधानपार्षद और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद संजय सरावगी ने कहा कि मन की बात केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सामूहिक चेतना, जनभागीदारी और सकारात्मक प्रयासों को सामने लाने का सशक्त मंच है।
उन्होंने बिहार म्यूजियम की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों में नौवां स्थान और एशिया में पहला स्थान हासिल करना बिहार की ऐतिहासिक विरासत, कला और संस्कृति का अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया।
संजय सरावगी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने बिहार म्यूजियम के साथ पेरिस के लूव्र म्यूजियम और न्यूयॉर्क के द मेट म्यूजियम का भी उल्लेख किया। साथ ही लोगों से देश के संग्रहालयों को देखने और इतिहास को समझने की अपील की।
मन की बात में प्रधानमंत्री ने युवाओं में बढ़ती नशे की समस्या पर भी चिंता जताई। इस पर सरावगी ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना केवल सरकार नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री ने भारतीय गुड़, चॉकलेट और गुजरात के कच्छ के ऊंट के दूध जैसे स्थानीय उत्पादों का जिक्र कर आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर दिया।
संजय सरावगी ने कहा कि मन की बात समाज में सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है। भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं।
