बीमारी से 18 वर्षीय नवविवाहिता की मौत, मायके वालों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

Shreya Raj
प्रेम विवाह के तीन महीने बाद 18 वर्षीय नंदनी की मौत, इलाज को लेकर उठे सवाल।

NEWS PR डेस्क: भागलपुर: पीरपैंती थाना क्षेत्र के टोपरा गांव में बीमारी से 18 वर्षीय नवविवाहिता नंदनी कुमारी की मौत हो गई। मृतका की पहचान जुगेश राय की पत्नी के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर बीमारी के दौरान उचित इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया है वहीं, ससुराल पक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नंदनी पहले से बीमार थी और उसका लगातार इलाज कराया जा रहा था। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।

करीब तीन महीने पहले हुआ था प्रेम विवाह

जानकारी के अनुसार, नंदनी कुमारी और टोपरा गांव निवासी जुगेश राय ने करीब तीन महीने पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों कुछ समय के लिए घर से चले गए थे। करीब एक महीने बाद नंदनी अपने ससुराल टोपरा वापस आई थी और पिछले लगभग दो महीने से वहीं रह रही थी।

ससुराल पक्ष के अनुसार, नंदनी के ससुराल आने से पहले से ही उसकी तबीयत खराब रहती थी। घर आने के बाद परिवार की ओर से उसके इलाज की व्यवस्था की जा रही थी।

ससुराल पक्ष ने इलाज कराने की बात कही

मृतका की सास इंदु देवी ने बताया कि नंदनी पहले से बीमारी से परेशान थी। उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे शेरमारी में चिकित्सक के पास ले जाया गया था, जहां जांच के बाद टाइफाइड बताए जाने की बात कही गई।

सास के अनुसार, इलाज और दवाओं पर खर्च के लिए परिवार ने ब्याज पर पैसे तक लिए थे। उनका कहना है कि परिवार की ओर से नंदनी के इलाज में कोई कमी नहीं की गई। शुक्रवार को अचानक उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

इधर, नंदनी की मां मोती देवी और भाई मनीष कुमार ने ससुराल पक्ष पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नंदनी कई दिनों से बीमार थी, लेकिन उसे उचित इलाज नहीं कराया गया।

मां ने बेटी की मौत के लिए ससुराल वालों को जिम्मेदार बताते हुए मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि नंदनी का पति जुगेश राय प्रदेश में काम करता है और घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। मामले की सूचना मिलने पर पीरपैंती थाना की एसआई संगम कुमारी, एसआई राहुल कुमार सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

भागलपुर से रिपोर्टर: शयामानंद सिह

Share This Article