NEWS PR डेस्क,: सुपौल : नेपाल-भारत सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 31.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं।

पुलिस के अनुसार, विशेष अभियान के दौरान नेपाल-भारत सीमा के समीप संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान मो. यूसुफ मियां को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी मो. निकाइल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 64 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
