NEWS PR डेस्क: महाराष्ट्र के सबसे अमीर विधायकों में शामिल भाजपा नेता पराग शाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह भिखारी के वेश में मुंबई की सड़कों पर लोगों से मदद मांगते नजर आ रहे हैं। घाटकोपर ईस्ट से विधायक पराग शाह ने यह रूप इसलिए अपनाया, ताकि वह आम गरीब और जरूरतमंद लोगों के जीवन की कठिनाइयों को करीब से समझ सकें। वर्ष 2024 में उनके द्वारा घोषित संपत्ति करीब 3,383 करोड़ रुपये बताई गई थी।
जैन गुरु की सलाह पर बदला अपना रूप
रिपोर्टों के मुताबिक, पराग शाह ने अपने जैन आध्यात्मिक गुरु नम्रमुनि की सलाह पर यह अनोखा अनुभव लिया। जैन धार्मिक परंपरा में महत्वपूर्ण माने जाने वाले विशेष समय के दौरान उन्होंने कुछ घंटों के लिए अपनी सुरक्षा व्यवस्था, गाड़ियां और महंगे सामान से दूरी बना ली।
इसके बाद मेकअप के जरिए अपना हुलिया बदला, ताकि सड़क पर मौजूद लोग उन्हें पहचान न सकें। सामान्य कपड़ों और राजनीतिक पहचान से अलग होकर वह घाटकोपर की सड़कों पर भिखारी के रूप में बैठे और लोगों से भोजन तथा पैसे मांगने लगे।
लोगों के व्यवहार को करीब से समझा
पराग शाह ने अपने अनुभव के बारे में बताया कि जब कोई व्यक्ति बड़े पद और सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ लोगों के बीच जाता है, तो उसे अलग सम्मान मिलता है लेकिन जब वही व्यक्ति आम इंसान की तरह लोगों के सामने मदद मांगता है, तो परिस्थितियां पूरी तरह बदल जाती हैं।

उन्होंने कहा कि इस अनुभव से उन्हें जीवन की वास्तविकता समझने का मौका मिला। कई लोगों ने उनकी मदद की, जबकि कुछ लोगों ने उन्हें नजरअंदाज भी किया। एक समोसा विक्रेता ने उन्हें बिना पैसे लिए खाना दिया। कुछ लोगों ने आर्थिक मदद भी की। इस दौरान शाह ने सड़क किनारे बैठकर भोजन किया और जरूरतमंदों की तरह दिन बिताने का अनुभव लिया।
बाद में सामान्य रूप में उसी इलाके में पहुंचे
भिखारी के वेश में समय बिताने के बाद पराग शाह ने अपना मेकअप हटाया और सामान्य रूप में उसी इलाके का दोबारा दौरा किया। इस तरह उन्होंने यह देखने की कोशिश की कि पहचान और सामाजिक हैसियत बदलने से लोगों का व्यवहार किस तरह बदलता है।
उनका यह प्रयोग राजनीतिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं, बल्कि व्यक्तिगत और आध्यात्मिक अनुभव के रूप में सामने आया है। इसका उद्देश्य विनम्रता, मानवीय संवेदना और समाज के कमजोर वर्गों के संघर्ष को समझना बताया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
पराग शाह के भिखारी के रूप में घूमने का वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरान रह गए। शुरुआत में कई लोग उन्हें पहचान नहीं पाए। बाद में जब उनकी पहचान सामने आई, तो यह घटना चर्चा का विषय बन गई। उनके इस कदम को कुछ लोगों ने गरीबों के जीवन को समझने की कोशिश बताया, जबकि सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।