NEWS PR डेस्क:गंगटोक: सिक्किम और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र में गुरुवार की सुबह भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई। झटके राजधानी गंगटोक समेत पश्चिम और पूर्वी सिक्किम के कई इलाकों में महसूस किए गए। सुबह-सुबह धरती हिलने से लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
सुबह 4:30 बजे आया भूकंप
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप गुरुवार सुबह करीब 4 बजकर 30 मिनट पर आया। इसका केंद्र पश्चिम सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में युक्सोम से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था। NCS के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 73 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। इसकी लोकेशन 27.671 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.987 डिग्री पूर्वी देशांतर बताई गई है।
गंगटोक समेत कई इलाकों में महसूस हुए झटके
भूकंप के हल्के झटके पश्चिम सिक्किम के कई इलाकों के साथ पूर्वी सिक्किम और राजधानी गंगटोक में भी महसूस किए गए। सुबह के समय अचानक धरती हिलने से लोग घबरा गए और एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए। अधिकारियों ने भूकंप की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।