NEWS PR डेस्क : कैमूर भभुआ के मंडल कारा में छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं. यहां कैदी भी पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना करेंगे। इस वर्ष जेल में कुल 60 सजायाफ्ता और विचाराधीन महिला एवं पुरुष बंदी छठ व्रत रखेंगे।
व्रत रखने वालों में 45 पुरुष और 15 महिला बंदी शामिल हैं। खास बात यह है कि व्रत मे सहयोग करने वालों में मुस्लिम महिला और ईसाई बंदी भी शामिल हैं। जेल में आयोजित होने वाली छठ पूजा महापर्व की व्यापक आस्था और सामाजिक सौहार्द की झलक पेश करेगी ।
बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन और कारा प्रशासन की ओर से इस वर्ष पिछले साल की तुलना में अधिक बेहतर,भव्य और आकर्षक व्यवस्था की जा रही है।
जेल परिसर स्थित छठ घाट की साफ-सफाई और रंग-रोगन कराया जा रहा है। घाट को आकर्षक बनाने के लिए केले के पेड़,रंग-बिरंगे गुब्बारे,फूल-मालाओं,झालरों और रंगीन रोशनी से सजाया जा रहा है।
इस बात की जानकारी देते हुए कारा अधीक्षक कैमूर संदीप कुमार ने बताया कि कारा प्रशासन बंदियों के लिए छठ पूजा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है ताकि सभी बंदी भक्ति वातावरण में शांतिपूर्ण तरीके से व्रत संपन्न कर सकें।
कैमूर से ब्रजेश दुबे की रिपोर्ट ;-