NEWS PR डेस्क : बिहार के कैमूर जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2027 के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जारी सूची में जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल 11 लाख 82 हजार 446 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। अगर आपका नाम मतदाता सूची में नहीं है या नाम, पता और अन्य विवरण में कोई गलती है, तो उसे सुधारने का मौका भी दिया गया है। इसके लिए 11 दिसंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिले में 11.82 लाख मतदाता पंजीकृत
प्रारूप मतदाता सूची के आंकड़ों के मुताबिक कैमूर जिले में कुल 11 लाख 82 हजार 446 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 6 लाख 26 हजार 882 पुरुष, 5 लाख 55 हजार 559 महिलाएं और पांच तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। जिले का मतदाता लिंगानुपात 886 है। वहीं, पूरे जिले में कुल 1,484 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों की बात करें तो रामगढ़ में 2 लाख 87 हजार 933, मोहनिया में 2 लाख 79 हजार 592, भभुआ में 2 लाख 82 हजार 262 और चैनपुर में 3 लाख 32 हजार 659 मतदाता शामिल हैं।
11 दिसंबर तक कर सकेंगे दावा और आपत्ति
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
जिन नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 या फॉर्म-6क के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और पता बदलने, नाम या अन्य विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन
मतदाता अपने बीएलओ, एईआरओ या ईआरओ कार्यालय में जाकर आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के वोटर सर्विस पोर्टल और ECI Net App के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
मतदाताओं की मदद के लिए 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दिनों बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपना और परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में जरूर जांच लें ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
कैमूर से ब्रजेश दुबे की रिपोर्ट ;