NEWS PR डेस्क : मुजफ्फरपुर : उत्तर बिहार का देवघर कहे जाने वाले बाबा गरीबनाथ धाम में सावन की तीसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार देर रात से ही हजारों शिवभक्त बाबा गरीबनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे। मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इस बार कांवरियों की संख्या पांच लाख से अधिक पहुंचने की बात सामने आ रही है। इतनी बड़ी भीड़ को संभालना प्रशासन और मंदिर प्रबंधन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
तीसरी सोमवारी पर नाग पंचमी का दुर्लभ संयोग
इस बार सावन की तीसरी सोमवारी के दिन नाग पंचमी का भी संयोग बना है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सोमवारी और नाग पंचमी का यह संयोग विशेष माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव, माता पार्वती और नाग देवता की पूजा करने से विशेष पुण्य और फल की प्राप्ति होती है। नाग देवता की पूजा करने से कालसर्प दोष से मुक्ति मिलने की भी धार्मिक मान्यता है।
इसी वजह से मुजफ्फरपुर जिले के अलग-अलग शिवालयों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

नाग पंचमी पर पूजा का विशेष महत्व
पंचांगों के अनुसार, नाग पंचमी केवल नाग देवता की पूजा का पर्व नहीं है, बल्कि यह जीव-जंतुओं के प्रति सम्मान, संरक्षण और संवर्धन का संदेश भी देती है। इस दिन नाग देवता के साथ गरुड़ की पूजा करने की भी परंपरा बताई गई है।
नाग पंचमी के अवसर पर रुद्राभिषेक को भी विशेष फलदायी माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, शेषनाग अपने फन पर पृथ्वी का भार धारण करते हैं। इसी कारण नाग देवता की पूजा का हिंदू धर्म में विशेष महत्व बताया गया है।
‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ से गूंजा शहर
तीसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने भक्ति और आस्था का माहौल बना दिया। मंदिर परिसर से लेकर शहर के कई हिस्सों तक ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष सुनाई दे रहे हैं। बड़ी संख्या में पहुंचे कांवरियों और श्रद्धालुओं के कारण पूरा मुजफ्फरपुर शिवमय नजर आ रहा है।
श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक और दर्शन का इंतजार कर रहे हैं। सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के एक साथ पड़ने से इस बार श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
मुजफ्फरपुर से रिपोर्टर : रूपेश कुमार