NEWS PR डेस्क:भागलपुर। जमुई में नाबालिग लड़की और उसके साथी के साथ कथित अभद्रता और छेड़छाड़ की घटना को लेकर विरोध की आवाज अब भागलपुर में भी सुनाई दे रही है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की TNB कॉलेज इकाई के छात्र-छात्राओं ने घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने घटना को लेकर आक्रोश जताया और सरकार तथा प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
जमुई घटना को लेकर जताया विरोध
बताया गया कि 19 सितंबर को जमुई में एक नाबालिग छात्रा और उसके साथी को रास्ते में रोककर कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच के लिए SIT का गठन किया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
ABVP ने की आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
TNB कॉलेज इकाई के ABVP कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को गंभीर और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि छात्राओं और महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा का भरोसा मिल सके।
कॉलेज परिसर में हुई नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान ABVP कार्यकर्ताओं ने जमुई घटना को लेकर नारेबाजी भी की। छात्र-छात्राओं ने कहा कि सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में उनकी आवाज आगे भी उठती रहेगी। इधर, जमुई मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी मामले पर संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट मांगी है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट