बिहार में बारिश और बाढ़ की आशंका के बीच प्रशासन सतर्क,1070 हेल्पलाइन जारी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बिहार में लगातार हो रही बारिश और नेपाल के तराई क्षेत्र में गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में भारी वर्षा को देखते हुए राज्य सरकार ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए गंडक, बागमती और कोसी नदी तंत्र से जुड़े संवेदनशील जिलों में प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।

वर्तमान स्थिति को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सारण, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय के जिलाधिकारी बैठक में शामिल हुए।
कोसी नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई ..
प्रशासन को नदी के जलस्तर और प्रवाह, तटबंधों, निचले इलाकों, नदी किनारे बसे गांवों, पुल-पुलियों और संपर्क मार्गों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है। अधिकारियों के अनुसार कोसी नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि आसपास के जिलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी हैं।
NDRF और SDRF को अलर्ट रहने का निर्देश
संभावित आपदा से निपटने के लिए NDRF और SDRF को अलर्ट रहने तथा नाव, लाइफ जैकेट और रेस्क्यू उपकरण पर्याप्त संख्या में तैयार रखने को कहा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में माइकिंग के जरिए Early Warning जारी करने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लोगों को जागरूक करने और अफवाहों से बचने की अपील ..
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों से नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए लोगों को जागरूक करने और अफवाहों से बचने की अपील करने को कहा। आपातकालीन सहायता के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के टोल फ्री नंबर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन, पुलिस, जल संसाधन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच निरंतर समन्वय एवं संचार बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी उपलब्ध संसाधनों को स्टैंडबाय/एक्टिव मोड में रखा जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर बचाव एवं राहत कार्य तत्काल प्रारंभ किया जा सके। राज्य सरकार द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Share This Article