NEWS PR डेस्क :कैमूर गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में ‘स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं ‘लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान’ के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026′(SHS) पखवाड़े का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया गया।
यह विशेष राष्ट्रव्यापी अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता में सहभाग,स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की मुख्य थीम पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला पदाधिकारी सहित उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा स्वच्छता शपथ ली गई। इसके उपरांत जिला जल एवं स्वच्छता समिति द्वारा आयोजित हस्ताक्षर अभियान के तहत हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
बैठक में दिए गए मुख्य निर्देश एवं कार्य-योजना:
स्वच्छता शपथ के सात संकल्प:
कार्यक्रम के दौरान सभी ने शौचालय के नियमित उपयोग, घरों में गीला व सूखा कचरा अलग-अलग रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने,भोजन से पूर्व व शौच के बाद हाथ धोने,सिंगल यूज़ पॉलीथीन का बहिष्कार कर कपड़े के थैलों का उपयोग करने,श्रमदान करने तथा जल संरक्षण के संकल्प को दोहराया।
स्वच्छता लक्षित इकाइयों (CTU) का कायाकल्प:
जिले के सभी प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में चिन्हित उपेक्षित व कठिन कचरा स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स/CTU) की जियो-टैगिंग कराते हुए उनका समयबद्ध रूपांतरण किया जाए। सफाई के पहले और बाद की तस्वीरें अनिवार्य रूप से SHS 2026 पोर्टल (swachhatahiseva.gov.in) पर अपलोड की जाएं।
स्वच्छ पाठशाला – युवा फॉर स्वच्छता:
कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों एवं युवाओं को स्वच्छता गतिविधियों से जोड़ने के लिए विद्यालयों में स्वच्छता ज्ञान यात्रा,निबंध, पेंटिंग प्रतियोगिताएं एवं स्वच्छता संवाद आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर (30 सितंबर):
स्वच्छता के अग्रदूत सफाई कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर,PPE किट व सुरक्षा उपकरण वितरण और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं (आयुष्मान भारत,पीएम आवास,उज्ज्वला आदि) से जोड़ने की कार्य-योजना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
स्वच्छता से समृद्धि:
सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने के लिए ‘कबाड़ से जुगाड़’, ‘कबाड़ से कला’ तथा प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला आयोजित करने पर बल दिया गया।
1 अक्टूबर को देशव्यापी श्रमदान व 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस:
1 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8:00 बजे “एक दिन, एक घंटा,एक साथ” के तहत व्यापक जन-सहभागिता से सामूहिक श्रमदान किया जाएगा।
वहीं, 2 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभाओं एवं नगर परिषदों की बैठकों का आयोजन कर ‘स्वच्छ सेवा आंकलन’ (SSA) और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM Rules 2026) पर विमर्श किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी का संदेश:
जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों का दायित्व नहीं,बल्कि जन-जन का संस्कार बनना चाहिए। उन्होंने सभी पंचायतों,वार्डों एवं नागरिकों से “मेरा गाँव,मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी” की भावना के साथ इस पखवाड़े में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त,अपर समाहर्ता,जिला स्तरीय पदाधिकारी,जिला जल एवं स्वच्छता समिति के नोडल पदाधिकारी,कार्यपालक पदाधिकारी,प्रखंड विकास पदाधिकारी,स्वच्छता समन्वयक,स्वच्छाग्रही कर्मी उपस्थित रहे।
कैमूर से बर्जेश दुबे की रिपोर्ट ;–