बाढ़ के बाद गंडक का कहर: घटते जलस्तर के बीच धनहा में तेज कटाव, दियारा के लोगों को अब भी फ्लड फाइटिंग कार्यों का इंतजार

Shreya Raj
बाढ़ के बाद गंडक नदी में तेज कटाव का खतरा, नदी किनारे हालात का जायजा लेते स्थानीय लोग।

NEWS PR डेस्क : बगहा में बाढ़ के बाद अब गंडक नदी का कटाव लोगों के लिए बड़ी चिंता बन गया है। नदी के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण स्थिति विकराल होती जा रही है। जलस्तर में कमी आने के बावजूद नदी के किनारे बसे इलाकों पर खतरा अभी टला नहीं है।

धनहा की चिउरही और सिसई पंचायतों में कटाव तेज

मधुबनी प्रखंड के धनहा क्षेत्र में गंडक नदी ने अब कटाव का रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। चिउरही और सिसई पंचायतों में कटाव की विनाशलीला शुरू हो गई है। नदी के लगातार कटाव से दियारा क्षेत्र में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय स्तर पर कटाव की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थिति का जायजा लेने के साथ ही अधिकारियों ने कटाव प्रभावित क्षेत्र में बचाव कार्य के लिए बोरियों का स्टॉक कराया है।

जलस्तर घटा, लेकिन खतरा बरकरार

गंडक नदी का जलस्तर कम होने के बावजूद कटाव का खतरा बना हुआ है। जलस्तर में उतार-चढ़ाव के कारण नदी की धारा का दबाव किनारों पर बढ़ रहा है, जिससे कई स्थानों पर कटाव की स्थिति गंभीर होती जा रही है।

दियारा क्षेत्र के कटाव पीड़ितों को अब फ्लड फाइटिंग कार्य शुरू होने का इंतजार है। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन और जल संसाधन विभाग की ओर से जल्द ही प्रभावी बचाव कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि कटाव को आगे बढ़ने से रोका जा सके।

फिलहाल प्रशासन की टीमों ने आवश्यक सामग्री का स्टॉक करना शुरू कर दिया है। ऐसे में आने वाले समय में कटाव की स्थिति पर लगातार नजर रखना और समय रहते बचाव कार्य करना बेहद जरूरी माना जा रहा है।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तियाज

Share This Article