NEWS PR डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार लगातार विकास योजनाओं को लेकर सक्रिय नजर आ रही है। इसी बीच सम्राट कैबिनेट के फैसलों को लेकर बिहार की सियासत और प्रशासनिक गलियारे में हलचल तेज है।
सरकार के बड़े फैसलों में करीब 11 हजार 200 करोड़ रुपये की वित्तीय योजना भी चर्चा में है। इसके तहत बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ी राशि खर्च की जानी है। राज्य सरकार की गारंटी पर वित्तीय संस्थानों से कर्ज लेकर बिजली नेटवर्क को दुरुस्त किया जाएगा। इससे ग्रामीण और शहरी इलाकों में बिजली आपूर्ति बेहतर बनाने, पुराने तारों को बदलने और ओवरलोडेड ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
वहीं, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी सरकार का विशेष जोर है। दरभंगा में एम्स की स्थापना बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस परियोजना में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज जैसी सुविधाएं विकसित की जानी हैं। इससे उत्तर बिहार के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख करने की मजबूरी कम होगी।
इसके अलावा सड़क, रेल, ऊर्जा और आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं को भी गति देने की तैयारी है।
अब सबकी निगाहें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और राज्य सरकार की विकास योजनाओं पर टिकी हैं। सवाल यह है कि इन बड़े फैसलों का फायदा आम लोगों, किसानों और युवाओं तक कितनी तेजी से पहुंचता है।
