पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में सफाईकर्मियों की हड़ताल समाप्त होते ही नगर परिषद की सभापति रीना देवी एक्शन मोड में नजर आईं। हड़ताल के दौरान शहर की सड़कों, बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए थे, जिससे लोगों को गंदगी और दुर्गंध की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में हड़ताल खत्म होते ही सभापति ने खुद मोर्चा संभाला और देर रात तक शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। उनकी मौजूदगी में नगर परिषद की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया गया, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।
शहर को जल्द स्वच्छ बनाने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान रीना देवी ने नगर परिषद के अधिकारियों और सफाईकर्मियों को सभी वार्डों से तत्काल कूड़ा उठाने, मुख्य सड़कों, बाजारों और नालियों की व्यापक सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभापति ने कहा कि नगर परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता शहर को शीघ्र स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर परिषद की सभापति ने शहरवासियों से भी सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि बीते एक सप्ताह की हड़ताल ने यह साबित कर दिया है कि शहर को स्वच्छ रखने में सफाईकर्मियों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सफाईकर्मियों के कार्य के प्रति सम्मान व्यक्त करने की भी अपील की और भरोसा दिलाया कि नगर परिषद जल्द ही पूरे नरकटियागंज को फिर से साफ-सुथरा और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए लगातार अभियान चलाती रहेगी।
पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तियाज