NEWS PR डेस्क: पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र से एक कथित सार्वजनिक प्रताड़ना का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक महिला और एक पुरुष के साथ भीड़ द्वारा मारपीट, सिर मुंडवाने और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो बंजरिया थाना क्षेत्र की पूर्वी सरेया पंचायत के सिसवा पूर्वी गांव का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक विवाहित महिला के घर उसके कथित परिचित, जो पड़ोसी पंचायत पंचरुखा पूर्वी के पकड़िया टोला का निवासी बताया जा रहा है, पहुंचे थे। आरोप है कि परिजनों ने दोनों को एक साथ देख लिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए।
भीड़ द्वारा प्रताड़ित किए जाने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। इसके बाद उनका सिर मुंडवाया गया, गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई और पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान कई लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सरपंच के घर पहुंचा मामला, डायल-112 को दी गई सूचना
जानकारी के अनुसार, बाद में ग्रामीण दोनों को सरपंच पति महेंद्र यादव के आवास पर ले गए। वहां स्थिति तनावपूर्ण होती देख डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। हालांकि, यह भी सवाल उठ रहा है कि कथित तौर पर घंटों तक चली इस सार्वजनिक प्रताड़ना की जानकारी स्थानीय पुलिस को समय रहते क्यों नहीं मिल सकी।
पहले से परिचय होने का दावा
ग्रामीणों का दावा है कि महिला और संबंधित पुरुष पहले से एक-दूसरे को जानते थे। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के सदस्य राजमिस्त्री का काम करते थे, जिससे उनके बीच पारिवारिक संपर्क था। इसी दौरान दोनों के बीच कथित संबंध विकसित होने की बात कही जा रही है।
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के बाद यदि वीडियो और लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले में भीड़ द्वारा कानून अपने हाथ में लेने, कथित मारपीट और सार्वजनिक अपमान जैसे पहलुओं की भी जांच की जा रही है।मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट
