NEWS PR डेस्क : गया: कोतवाली थाना क्षेत्र के मुरारपुर मोहल्ले में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कथित नकली दवाइयां बरामद की हैं। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच तेज कर दी गई है और एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी हैं।

सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स के जांच अधिकारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने बताया कि यह छापेमारी गुप्त सूचना के आधार पर की गई। उन्होंने कहा कि इससे पहले मानपुर, खजाहांपुर और बजाजा रोड समेत कई स्थानों पर भी छापेमारी की जा चुकी है, जहां से बड़ी मात्रा में कथित नकली दवाइयां और एक महत्वपूर्ण डायरी बरामद हुई थी।
सूत्रों के अनुसार, बरामद डायरी में कई डॉक्टरों और अस्पतालों के नाम दर्ज हैं। आशंका है कि इन संस्थानों तक इन दवाइयों की आपूर्ति की जाती थी। हालांकि, जांच एजेंसियों ने अभी तक आधिकारिक रूप से किसी नाम की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल डायरी में दर्ज सभी जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है। प्राथमिक जांच में यह भी आशंका जताई गई है कि इन कथित नकली दवाइयों का इस्तेमाल बच्चों के इलाज में भी किया जा सकता था। यदि यह आशंका सही साबित होती है, तो यह सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय हो सकता है।
अधिकारियों के अनुसार, बरामद दवाइयों को उनकी गुणवत्ता और प्रामाणिकता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दवाइयां वास्तव में नकली थीं या नहीं, और इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की संलिप्तता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। मुरारपुर में हुई इस कार्रवाई के बाद दवा कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल देखी जा रही है। जांच एजेंसियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
