NEWS PR डेस्क ;— गया शहर स्थित पितामहेश्वर के मां शीतला मंदिर परिसर में सेवार्थ फाउंडेशन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। फाउंडेशन द्वारा परिसर में एक्वागार्ड प्यूरिफाई मशीन और पानी का टैंक लगाया गया है। इसका विधिवत उद्घाटन बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना कर किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि मोक्ष और ज्ञान की पावन धरती गया में फल्गु नदी के किनारे स्थित मां शीतला मंदिर परिसर में सेवार्थ फाउंडेशन की ओर से किया गया यह कार्य सराहनीय पहल है। यहां वर्षभर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था से हजारों श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने फाउंडेशन के सचिव उपेंद्र यादव और पूरी टीम को
इस नेक पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वहीं, सेवार्थ फाउंडेशन के सचिव उपेंद्र यादव ने कहा कि आज उनके लिए खुशी का दिन है। फाउंडेशन के सदस्यों के सहयोग से मां शीतला मंदिर परिसर में वाटर फिल्टर लगाया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी पितृपक्ष मेला के दौरान गया में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु और पिंडदानी पहुंचेंगे। उन्हें मंदिर परिसर में शुद्ध पानी उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि सावन सहित अन्य अवसरों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां शीतला मंदिर में पूजा करने आते हैं, जिन्हें इस सुविधा का लाभ मिलेगा। फाउंडेशन की ओर से आगामी पितृपक्ष मेला के दौरान स्वास्थ्य शिविर लगाने की भी तैयारी है। उपेंद्र यादव ने कहा कि उनके पिता समाजसेवा से जुड़े रहे हैं और उन्हीं के विचारों को आगे बढ़ाते हुए वे जनसेवा का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों और आम लोगों की सेवा करने से उन्हें आत्मिक संतुष्टि मिलती है।
उन्होंने अपने पिता के आशीर्वाद से बड़े भाई जितेंद्र कुमार के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए भी आभार जताया। कार्यक्रम में मुकेश कुमार, ज्ञान रंजन, सनोज कुमार, आलोक कुमार, सत्यानंद सहित फाउंडेशन के सदस्य एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
गया से आशिस कुमार की रिपोर्ट ;–