गन्ना किसानों के लिए बड़ी खबर: बीज विकास योजना का पोर्टल शुरू, 22 अगस्त तक करें आवेदन

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के तहत संचालित बीज विकास योजना का लाभ लेने वाले किसानों के लिए गन्ना उद्योग विभाग ने बुधवार को पोर्टल प्रारंभ कर दिया है। योजना का लाभ और बीज अनुदान प्राप्त करने के लिए आवेदन करने की तिथि 22 जुलाई से लेकर 22 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई है।

विदित हो कि गन्ना की खेती करने वाले किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के तहत बीज विकास योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत किसानों को सिंगल बड प्लांटलेट उपलब्ध कराया जायेगा। इसके साथ ही, सरकार द्वारा किसानों को उन्नत बीजों की खरीद पर बीज अनुदान का भी विशेष लाभ दिया जा रहा है, ताकि गन्ने की खेती की लागत को कम किया जा सके और किसानों की आय में वृद्धि हो। बीज विकास योजना के तहत सामान्य वर्ग के किसानों को ₹260 प्रति क्विंटल तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के किसानों को ₹310 प्रति क्विंटल की दर से अनुदान दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आधार बीज उत्पादन के लिए अधिकतम ₹70 हजार प्रति हेक्टेयर तक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

इस योजना के तहत राज्य सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में किसानों को अनुदानित दरों पर प्रमाणित एवं सत्यापित गन्ना बीज उपलब्ध कराने के लिए 22 जुलाई से विभागीय पोर्टल को खोल दिया है। गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार, इस पोर्टल पर इच्छुक किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत 22 अगस्त तक अपना आवेदन कर सकते हैं।

गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने कहा कि“राज्य सरकार गन्ना किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने एवं उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। बीज विकास योजना के तहत किसानों को प्रमाणित एवं सत्यापित गन्ना बीज अनुदानित दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उत्पादकता और गुणवत्ता में वृद्धि होगी। सभी पात्र किसान आवेदन कर योजना का अधिकतम लाभ उठायें।”

Share This Article