NEWS PR डेस्क : बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक बार फिर एटीएम को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। सोमवार की देर रात चोरों ने एसबीआई के एक एटीएम को लूटने का प्रयास किया। वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही अपराधियों में हड़कंप मच गया और वे मौके से फरार हो गए। इस तरह एक बड़ी लूट की घटना टल गई और एटीएम में रखी नकदी सुरक्षित बच गई।
पूरा मामला मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र का है। गोबरसही डुमरी के समीप स्थित भारतीय स्टेट बैंक यानी एसबीआई के एटीएम को सोमवार की रात अज्ञात अपराधियों ने अपना निशाना बनाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि अपराधी एटीएम लूटने की तैयारी में जुटे थे। इसी दौरान इसकी सूचना पुलिस को मिल गई।
सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी को आता देख अपराधियों को अपनी योजना अधूरी छोड़कर भागना पड़ा। पुलिस ने भी बदमाशों का पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी फरार होने में कामयाब हो गए।
अपराधियों की इस कोशिश के बावजूद एटीएम पूरी तरह सुरक्षित रहा। समय रहते पुलिस के पहुंचने से बैंक की नकदी लुटने से बच गई।
जांच में जुटी पुलिस:
घटना की सूचना मिलने के बाद बैंक के कर्मचारी, पुलिस और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
मुजफ्फरपुर से रुपेश कुमार की रिपोर्ट ;-