भागलपुर के बाबूपुर में भटककर पहुंचा 18-20 साल का युवक, नाम-पता बताने में असमर्थ; ग्रामीणों ने परिजनों से की संपर्क की अपील

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क :भागलपुर के सबौर प्रखंड स्थित बाबूपुर गांव में करीब 18 से 20 वर्ष का एक अज्ञात युवक भटककर पहुंच गया है। युवक अपना नाम और पता बताने में असमर्थ है। काफी प्रयास के बावजूद गांव के लोग उसकी पहचान नहीं कर पाए हैं। अब ग्रामीणों ने युवक के परिजनों से सामने आने और उसे अपने साथ ले जाने की अपील की है।

रेखा देवी के घर पर है युवक

जानकारी के अनुसार, बाबूपुर वार्ड नंबर-1 में पहुंचे इस युवक को गांव की रेखा देवी, पति काहू मंडल ने अपने घर पर रखा है। रेखा देवी और उनके परिवार के लोग मानवीय संवेदना दिखाते हुए युवक की देखभाल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह करीब 24 घंटे तक युवक की देखरेख करेंगी, ताकि उसके परिजनों का पता लगाया जा सके।

चार साल पहले उनका बेटा भी हुआ था लापता

बताया जा रहा है कि रेखा देवी का बेटा विकास कुमार भी करीब चार साल पहले भटककर कहीं चला गया था। उस घटना के दर्द को समझते हुए उन्होंने इस अनजान युवक को सहारा देने का फैसला किया है। परिवार का कहना है कि इंसानियत के नाते युवक को घर में रखा गया है, ताकि उसे सुरक्षित रखा जा सके।

परिजनों से संपर्क करने की अपील

ग्रामीणों ने अपील की है कि यदि कोई इस युवक को पहचानता है या उसके परिवार के बारे में जानकारी रखता है, तो रेखा देवी से संपर्क कर सकता है। परिजन युवक की पहचान कर उसे अपने साथ ले जा सकते हैं। यदि निर्धारित समय तक कोई परिजन सामने नहीं आता है, तो युवक को प्रशासन के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

भागलपूर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट ;

Share This Article