बांकीपुर उपचुनाव से भाजपा प्रत्याशी अभिषेक बंटी पीछे हटे, चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 10 जुलाई। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ ने चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया है।

शुक्रवार शाम पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अभिषेक बंटी ने चुनावी मैदान से हटने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए काम करते रहेंगे।

इस संबंध में अभिषेक बंटी ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र भी सौंपा है। हालांकि, उन्होंने पार्टी नेतृत्व को पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव से हटने की जानकारी दी है।

गौरतलब है कि अभिषेक बंटी ने एक दिन पहले ही बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। उस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। नामांकन के बाद पटना के स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत गठबंधन के कई नेताओं ने उनके समर्थन में चुनाव प्रचार भी किया था।

बांकीपुर सीट पर भाजपा ने अभिषेक बंटी को जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता के मुकाबले मैदान में उतारा था। अब उनके नामांकन वापस लेने के बाद इस सीट पर भाजपा की रणनीति और नए उम्मीदवार को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Share This Article