NEWS PR डेस्क : – कैमूर भभुआ में अनहोनी ट्रक से आलू की बोरियां हटाते वक्त नीचे गिरने से श्रमिक ने दम तोड़ा। हादसा सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। मरने वाले की पहचान रोहतास जिले के चेनारी थाना अंतर्गत भरंदुआ इलाका निवासी स्वर्गीय गुलमाही राइन के 40 वर्षीय बेटा परवेज आलम के रूप में हुई है।
ट्रक पीछे करने के दौरान हुआ हादसा
घटना के संबंध में सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि परवेज आलम भभुआ सब्जी मंडी रोड में एक ट्रक पर चढ़कर आलू के बोरे उतार रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक ने वाहन पीछे करना शुरू कर दिया। ट्रक के पीछे होने के दौरान परवेज आलू का बोरा लेकर नीचे सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित,
घटना के बाद आनन-फानन में परवेज को इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया गया,जहां चिकित्सक डॉ.अभिलाष चंद्रा ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा कराने के बाद पोस्टमार्टम कराया।
10 वर्षों से भभुआ में रहकर करता था मजदूरी,
परिजनों के अनुसार,परवेज आलम पिछले करीब 10 वर्षों से भभुआ के वार्ड संख्या 25 में रहकर मजदूरी करता था। उसके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं।
परवेज घर की आजीविका का इकलौता सहारा था,जिनकी अचानक मृत्यु से परिजन गहरे सदमे में है। घटना उपरांत अस्पताल परिसर स्वजनों के करुण क्रंदन से गूंज उठा। इस वज्रपात से अनाथ हुए बच्चों के सिर से पिता का सुरक्षा कवच हमेशा के लिए समाप्त हो गया।
कैमूर से बर्जेश कुमार की रिपोर्ट ;-