NEWS PR डेस्क : आज पटना की सड़कों पर काफी भीड़ देखने को मिलेगी। इसका कारण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का शहर में कार्यक्रम और वहीं सरकार से नाराज छात्र व शिक्षक अभ्यर्थियों का अपनी मांगों को लेकर बड़ा प्रदर्शन है।
बिहार में TRE-4 की बहाली की मांग को लेकर छात्र और अभ्यर्थी आज सड़कों पर उतरेंगे और बिहार विधानसभा का घेराव करेंगे। अभ्यर्थियों ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि अपनी मांगों के समर्थन में वे आंदोलन करेंगे। यह विरोध प्रदर्शन पटना कॉलेज से शुरू होकर विधानसभा तक जाएगा। आंदोलन में पूरे बिहार के शिक्षक अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।
बताया जा रहा है कि आज अभ्यर्थियों का प्रदर्शन लगभग 11 बजे पटना कॉलेज से शुरू होगा। कॉलेज से निकलने के बाद यह भीड़ गांधी चौक, मुस्सलमपुर हाट, भीखना पहाड़ी, गोपाल मार्किट और मछुआ टोली होते हुए अशोक राजपथ तक पहुंचेगी और वहां से गांधी मैदान तक जाएगी। इसके बाद आंदोलन का अगला रुख जेपी गोलंबर तक जाने का तय हुआ है। आगे की दिशा उसी समय निर्धारित की जाएगी।
छात्र और अभ्यर्थियों का कहना है कि जैसे सत्ता पक्ष बिहार में अपनी तय तारीखों पर चुनाव कराकर सरकार बना सकती है, उसी तरह बिहार के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बनने से पहले TRE-4 नोटिफिकेशन जारी करने की बात कही गई थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद यह वादा भूल गया। अभ्यर्थियों की मांग है कि जैसे चुनाव की तारीखें घोषित कर प्रक्रिया पूरी की जाती है, उसी तरह TRE-4 परीक्षा के लिए विज्ञापन और तिथि का निर्धारण भी जल्द किया जाए।
अभ्यर्थियों की मांग है कि TRE-4 में 1 लाख 20 हजार खाली सीटों पर विज्ञापन जल्द जारी किया जाए। इसके अलावा, वे चाहते हैं कि BPSC द्वारा आयोजित परीक्षाओं में सामान्य श्रेणी के छात्रों की आयु सीमा 37 वर्ष से बढ़ाकर 40 वर्ष की जाए। साथ ही, लाइब्रेरियन की भर्ती के लिए LET का आयोजन जल्द किया जाए। इसके अतिरिक्त, 26 हजार कंप्यूटर शिक्षक पदों की भर्ती और शारीरिक शिक्षकों की बहाली भी अधिकतम सीटों पर जल्द संपन्न हो।