NEWS PR डेस्क: पटना, 4 मई 2026: रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। इस घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है और इसे अत्यंत दुखद बताया है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस कठिन समय में ईश्वर उन्हें धैर्य और संबल प्रदान करें। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान अविलंब उपलब्ध कराया जाए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल लोगों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि वे जल्द स्वस्थ हो सकें।