स्कूल के बाहर छात्रों में भिड़ंत, वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस; नाबालिग चिह्नित

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र से स्कूल के बाहर छात्र-छात्राओं के बीच विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा, जिसके बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का सत्यापन किया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक छात्राओं और एक लड़के को घेरकर बहस करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान हाथापाई जैसी स्थिति भी नजर आ रही है। वीडियो में भीड़ में मौजूद कुछ लड़कों द्वारा बाइक से आए एक लड़के की चाबी निकालते हुए भी देखा जा सकता है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ जाती है।
स्कूल के बाहर का है वायरल वीडियो
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो उदा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक (10+2) विद्यालय, उदाकिशुनगंज के बाहर का है। घटना 22 सितंबर 2026 की बताई गई है। बताया गया कि विद्यालय में अर्द्धवार्षिक परीक्षा चल रही थी। पहली पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राएं घर जाने के लिए स्कूल से बाहर निकले। इसी दौरान सड़क पर एक लड़का बाइक लगाकर खड़ा था। पुलिस के अनुसार, उसके किसी छात्रा से मिलने आने का संदेह होने पर वहां अन्य छात्र-छात्राएं भी जुट गए और आपस में बहस शुरू हो गई।
पुलिस ने छेड़खानी की बात से किया इनकार
पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में छेड़खानी या किसी अन्य आपत्तिजनक घटना की पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में दिखाई दे रहे सभी नाबालिग बच्चों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने संबंधित बच्चों के परिजनों को नोटिस दिया है और जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
स्कूल प्रबंधन ने क्या कहा?
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि स्कूल परिसर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई। स्कूल के बाहर क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं मिली है। वहीं एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो 22 सितंबर 2026 का है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो बुधवार से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने वीडियो की सत्यता और घटनास्थल का सत्यापन किया।

Share This Article