कांग्रेस विधायक सुरेंद्र कुशवाहा की पहल, भूमिहीन परिवारों को मिलेगा जमीन का मालिकाना हक

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : जिन परिवारों के पास रहने के लिए अपनी जमीन तक नहीं थी, उनके लिए दिवाली से पहले राहत भरी खबर सामने आई है। वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन का पर्चा सौंपकर उन्हें जमीन का मालिकाना हक दिलाने की पहल की है। इस कदम से लाभार्थी परिवारों में खुशी का माहौल है।
विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। भूमिहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
आगलगी में बेघर हुए 25 महादलित परिवारों को भी मिलेगी जमीन
इधर, रामनगर विधानसभा क्षेत्र में आगलगी की घटना में अपना घर गंवा चुके 25 महादलित परिवारों के लिए भी राहत की पहल की गई है। इन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने के लिए विधायक ने बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी से बातचीत की है।
एसडीएम चांदनी कुमारी ने आश्वासन दिया है कि एक महीने के भीतर सभी प्रभावित परिवारों को जमीन उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि जमीन की व्यवस्था होने से पहले किसी भी परिवार को विस्थापित नहीं किया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद आगलगी से प्रभावित परिवारों को जल्द अपना आशियाना मिलने की उम्मीद जगी है। अब देखना होगा कि तय समयसीमा के भीतर इन परिवारों को जमीन का मालिकाना हक मिल पाता है या नहीं। पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट।

Share This Article