कंटेनर बना पशुओं के लिए काल कोठरी कैमूर पुलिस ने 31 मवेशियों को कराया मुक्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क : – बिहार के कैमूर में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एनएच-19 पर पुलिस ने एक कंटेनर को जब्त कर उसमें क्रूरता से ठूंसकर रखे गए 31 मवेशियों को मुक्त कराया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन कथित अंतरराज्यीय पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। कंटेनर में मवेशियों को जिस तरह से भरा गया था, उसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।

पूरा मामला दुर्गावती थाना क्षेत्र का है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जीटी रोड के रास्ते एक कंटेनर में बिहार से मवेशियों को भरकर अवैध रूप से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही दुर्गावती पुलिस ने एनएच-19 पर सावठ गेट के समीप दक्षिणी लेन में घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान पुलिस ने कंटेनर नंबर BR 24 GE 0516 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर 31 मवेशी ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। पुलिस ने तत्काल कंटेनर जब्त कर उसमें सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लियाकत और इस्लाम, निवासी बागपत तथा नौशाद, निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों से पूछताछ की जा रही है।

वहीं, बरामद सभी 31 मवेशियों को सुरक्षित रूप से नुआंव स्थित पशु मेला में सुपुर्दगी में दे दिया गया है।

तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

दुर्गावती थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और इन्हें उत्तर प्रदेश में कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना और अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए भी पूछताछ जारी है।

कैमूर से बर्जेश कुमार की रिपोर्ट ;-

Share This Article