NEWS PR डेस्क : – भोजपुर के आरा में रंगदारी नहीं देने पर गोली मारने की घटना सामने आई है। हथियारबंद बदमाशों ने सुधा डेयरी समिति के अध्यक्ष को निशाना बनाते हुए गोली मार दी। घायल डेयरी अध्यक्ष को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
घटना भोजपुर जिले के गीधा थाना क्षेत्र के बीरमपुर कृतपुरा गांव की है, जहां बुधवार देर रात बदमाशों ने सुधा डेयरी समिति के अध्यक्ष रमेश चौधरी, उम्र 59 वर्ष, पर हमला कर दिया। गोली उनके बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और पुलिस के मुताबिक घायल की स्थिति खतरे से बाहर है।
50 हजार रुपये रंगदारी मांगने का आरोप
घायल रमेश चौधरी ने आरोप लगाया है कि उनसे 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की गई थी। रंगदारी देने से इनकार करने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। हालांकि, पुलिस इस घटना को डेयरी संचालन से जुड़े पुराने विवाद के नजरिए से भी जांच रही है।
एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह के अनुसार, डेयरी संचालन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, जिसके कारण इस घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गोलीबारी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है। अब देखना होगा कि जांच में रंगदारी का मामला सामने आता है या पुराना विवाद ही इस हमले की मुख्य वजह साबित होता है।